देवरिया। जिले के माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों का कॅरियर को बेहतर बनाने के लिए उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए पहले से ही तैयार किया जाएगा। इसके अंतर्गत नया सवेरा कार्यक्रम के तहत विद्यालयों में जनपद स्तर के अधिकारी प्रार्थना के समय इन्हें प्रेरित करेंगे। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं के बदलते पाठ्यक्रम सहित कॅरियर से जुड़ी अन्य जानकारी देंगे। संबंधित विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थी भी इसमें अपने संघर्ष के अनुभव साझा करेंगे। पहले चरण में राजकीय व एडेड विद्यालयों में ही इसकी शुरुआत की गई है।
सत्र 2023-24 में माध्यमिक विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को प्रेरित करने के लिए नए सत्र में नया सवेरा कार्यक्रम लागू किया जा रहा है। मकसद यह है कि विद्यालयों में पठन-पाठन का माहौल शुरू से ही बेहतर रहे और प्रत्येक सप्ताह में दो दिन विद्यालयों में प्रात:कालीन सभी में जिला विद्यालय निरीक्षक एवं अन्य शिक्षाधिकारी स्वयं उपस्थित होंगे। वह विद्यार्थियों को प्रेरित करने के लिए प्रेरणादायक संवाद करेंगे। कार्यक्रम में प्रेरणादायक संस्मरण, प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रारूप में हो रहे नित नए परिवर्तनों के अनुरूप इसकी तैयारी, कॅरियर का चुनाव, अनुशासित दिनचर्या एवं नियमित अध्ययन का महत्व, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के लाभ आदि पर चर्चा करेंगे। विद्यालय के पुरा मेधावी विद्यार्थियों को भी इन प्रात:कालीन सभाओं में आमंत्रित किया जाएगा, ताकि वर्तमान विद्यार्थी उन्हें देख सुन प्रेरणा ले सके। इसमें प्रशासनिक पदों पर आसीन अधिकारियों, राजनीति से लेकर कला, विज्ञान, चिकित्सा, व्यवसाय, सेना आदि में उच्च पदों पर आसीन अधिकारियों को भी इसमें प्रेरणादायक संबोधन के लिए आमंत्रित करने की योजना बनाई जा रही है।
-
विद्यार्थियों को प्रेरित करने और वह पहले से ही कॅरियर व प्रतियोगी परीक्षाओं के बारे में जानकर इसकी तैयारी में लगे, इसके लिए नए सत्र में नया सवेरा कार्यक्रम की शुरूआत की गई है। प्रथम चरण में इसे राजकीय व सहायता प्राप्त माध्यमिक स्कूलों में ही इस अभिनव प्रयोग का आरंभ कर दिया गया है।
- डॉ. विनोद कुमार राय, डीआईओएस