भटनी। दशहरा मेला में युवतियों के साथ अश्लील हरकत करते छह युवकों को पुलिस ने मंगलवार की रात हिरासत में ले लिया। बाद में परिजनों को थाने पर बुलाकर युवकों को हिदायत देकर छोड़ा गया। पुलिस की सक्रियता देख मेले में अशांति फैलाने वाले युवक बैकफुट पर दिखे।
दशहरा महापर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को पुलिस सक्रिय रही। सोमवार और मंगलवार की रात मेले में भीड़ को देखते हुए पुलिस की एक टीम सिविल ड्रेस में भ्रमण कर रही थी। मंगलवार की रात चूड़ी गली मोड़ के पास कुछ युवक मेले में घूम रही युवतियों पर फब्तियां कस रहे थे। शिकायत पर पुलिस की टीम ने रामलीला मैदान, गांधी चौक, रेलवे कॉलोनी मोड़ से छह युवकों को अश्लील हरकत करते पकड़ लिया। बाद में थाने पर परिजनों को बुलाकर युवकों को डांट फटकार लगाकर छोड़ दिया गया। प्रभारी निरीक्षक बृजेश मिश्र ने बताया कि दशहरा मेला और मूर्ति विसर्जन के लिए एक स्पेशल टीम सिविल ड्रेस में लगाई गई है। इसके अलावा जगह-जगह पुलिस टीम मौजूद रही।