भाटपाररानी-भिंगारी मार्ग पर छपिया गांव के पास हुआ हादसा, आक्रोशितों को पुलिस ने कराया शांत
संवाद न्यूज एजेंसी
भाटपार रानी। खामपार थाना क्षेत्र के भाटपाररानी–भिंगारी मार्ग पर ग्राम छपिया के पास शुक्रवार की सुबह करीब 11 बजे बोलेरो और टेंपो में जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में सड़क किनारे खड़े 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर जाम लगा दिया। हालांकि पुलिस के समझाने पर करीब 10 मिनट में जाम समाप्त हो गया। इसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार, छपिया निवासी राकेश कुशवाहा (19) पुत्र मेवालाल कुशवाहा शुक्रवार की सुबह घर से निकलकर भाटपाररानी–चिंगारी मार्ग पर स्थित सेंट्रल बैंक की शाखा के पास सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान बोलेरो और टेंपो की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो पलटकर राकेश पर गिर पड़ा। वह दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोग उसे भाटपाररानी अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की खबर मिलते ही राकेश के घर में कोहराम मच गया। इधर, युवक की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने भाटपाररानी–भिंगारी मार्ग को छपिया में जाम कर दिया। ग्रामीण बोलेरो चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। करीब 10 मिनट तक आवागमन ठप रहा। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया।
थानाध्यक्ष खामपार महेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि बोलेरो चालक दुर्घटना के बाद वाहन लेकर भाग गया। बोलेरो की तलाश की जा रही है जबकि टेंपो को कब्जे में ले लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। विधिक कार्रवाई की जा रही है।
..