खामपार। थाना क्षेत्र के भिंगारी बाजार स्थित अनुसूचित जाति बस्ती में मंगलवार की रात दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में घायल 40 वर्षीय दयानंद की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात करीब 10 बजे किसी बात पर सुभाष प्रसाद और जगदीश प्रसाद के बीच विवाद होने लगा। देखते ही देखते मारपीट होने लगी। इसी दौरान जगदीश के घर आए उसकी बहू सिंधु देवी के भाई और भाभी पड़ोसी दयानंद के घर जाकर छिप गए।
आरोप है कि दोनों को खोजते हुए सुभाष, उसका बेटा और कुछ महिलाएं दयानंद के घर पहुंच गए। उन्होंने दरवाजा खुलवाने की कोशिश की। दयानंद ने उन्हें समझाने की कोशिश की। इससे नाराज होकर लाठी-डंडे से उसकी पिटाई कर दी। मारपीट में दयानंद गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिवार वाले दयानंद को पीएचसी भाटपार रानी ले गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया। वहां जांच के दौरान चिकित्सकों ने दयानंद को मृत घोषित कर दिया।
मौत की सूचना के बाद परिवार वाले शव लेकर घर पहुंचे। सूचना मिलने पर खामपार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष बलराम सिंह ने बताया कि दो पक्षों में विवाद हुआ था। पुलिस मौके पर गई थी। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।