रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के हिरंदापुर का मामला, इलाज कराकर लौट रहा था युवक
रामपुर कारखाना। थाना क्षेत्र के हिरंदापुर गांव निवासी रामनरायण ने गांव के चार लोगों पर पुत्र को बंधक बनाकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों शिव प्रकाश गौतम और राकेश सहित चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रामनरायण के अनुसार, बीते 19 मई की शाम करीब सात बजे उनका पुत्र श्रवण इलाज कराकर घर लौट रहा था। आरोप है कि गांव के आरोपी शिव प्रकाश गौतम और राकेश समेत चार लोगों ने उसे चौराहे के पास रोक लिया। हाथ पकड़कर जबरन नजदीक के बगीचे में ले गए और लाठी-डंडे और लात-घूंसों से उसकी पिटाई कर दी। आरोप है कि करीब 10 मिनट तक मारपीट करने के बाद आरोपियों ने घटना की सूचना पुलिस को देने पर हत्या की धमकी भी दी।
घायल श्रवण किसी तरह घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना पर पुलिस ने उसका चिकित्सीय परीक्षण कराया। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद पीड़ित पक्ष ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
एसओ अश्वनी प्रधान ने बताया कि तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मारपीट, धमकी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।