- कुशीनगर के अहिरौली से खुखुंदू में आई थी बरात, जमीन के विवाद में नकाबपोश ने मारी गोली
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू (देवरिया)। कुशीनगर जिले के अहिरौली क्षेत्र से खुखुंदू के खजुरी करौता में बृहस्पतिवार की रात आई बरात में शामिल तेज बहादुर उर्फ राजन यादव (34) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बरातियों और गांव के लोगों ने भाग रहे नकाबपोश हमलावर को पकड़ने की कोशिश की लेकिन वह हवा में गोलियां दागते हुए भाग निकला। पुलिस की जांच में पता चला है कि जमीन के विवाद में हत्या की गई है।
जानकारी के अनुसार, कुशीनगर जिले के अहिरौली क्षेत्र के झुरियां रामपुर निवासी मनीष की बरात बृहस्पतिवार की रात खजुरी करौता के मठकेशोराम मोहल्ला निवासी अनिल गिरी के घर आई थी। दूल्हे मनीष के पिता दीपक के करीबी रहे तेज बहादुर उर्फ राजन यादव भी बरात में शामिल थे। द्वारपूजा के बाद दीपक, तेज बहादुर और अनूप यादव के साथ भोजन करने लगे। दीपक ने बताया कि अनूप भोजन के बाद हाथ धोने चले गए। इसी बची एक नकाबपोश आया और जब तक लोग कुछ समझ पाते नकाबपोश ने तेज बहादुर की कनपटी पर असलहा सटा ताबड़तोड़ दो गोलियां मार दीं और भागने लगा। लोगों ने उसे पकड़ने की कोशिश की मगर वह फायरिंग करते सूखे तालाब के पास झाड़ियों में होते हुए भाग निकला। आनन-फानन में तेज बहादुर को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की पूछताछ में गांव के लोगों ने बताया कि बदमाश चार पहिया वाहन में आए थे और गाड़ी सड़क पर खड़ी कर रखी थी। एक बदमाश ही वारदात के लिए निकला था। थानाध्यक्ष ने कल्याण सिंह सागर ने बताया कि शुरुआती जांच में जमीन विवाद का मामला सामने आया है। दो संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। मृतक तेज बहादुर के भाई बीर बहादुर की तहरीर पर गांव के ही रणधीर निषाद, पप्पू भारती अन्य अज्ञात पर हत्या का केस दर्ज किया गया है। एसपी विक्रांत वीर, एएसपी दक्षिणी सुनील कुमार सिंह, सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला, फॉरेंसिक, सर्विलांस और स्वाट टीम ने भी घटनास्थल पर जांच-पड़ताल की।
00
हत्या के खुलासे के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं। दो संंदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आरोपियोंं को पकड़ लिया जाएगा।
- विक्रांत वीर, एसपी