देवरिया। युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग के तत्वावधान में जनपद स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन पांच नवंबर को संत विनोबा पीजी कॉलेज, देवरिया के सभागार में प्रस्तावित है। इस वर्ष युवा उत्सव का थीम नशामुक्त विकसित भारत है।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सीडीओ राजेश कुमार सिंह ने बृहस्पतिवार को अपने कार्यकक्ष में बैठक कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने आयोजन को व्यवस्थित एवं सफल बनाने, अधिक से अधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा प्रतियोगिताओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया।
जनपद स्तरीय युवा उत्सव में लोकनृत्य (समूह), लोकगीत (समूह), नुक्कड़ नाटक (समूह), पेंटिंग तथा कविता लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। समूह विधाओं में प्रति समूह अधिकतम 10 प्रतिभागी शामिल हो सकेंगे। जनपद के निवासी अथवा यहां अध्ययनरत 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा, जिनकी आयु 17 अगस्त 2026 तक निर्धारित आयु सीमा के अंतर्गत हो, प्रतिभाग कर सकेंगे। इसमें विद्यालयों, महाविद्यालयों, शासकीय एवं अर्द्धशासकीय शिक्षण संस्थानों, संबंधित निजी संस्थानों तथा शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के युवा कलाकार भाग ले सकते हैं।
युवा उत्सव में प्रतिभाग करने के लिए प्रत्येक प्रतिभागी का माई भारत पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। प्रतिभागियों का नाम हाईस्कूल प्रमाणपत्र अथवा बैंक विवरण में दर्ज नाम के अनुसार मान्य होगा। इच्छुक युवा निर्धारित पात्रता के अनुसार पंजीकरण कर प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर सकते हैं।