सोहनपुर गांव का रहने वाला युवक ननिहाल पुतरी गांव में आया था
संवाद न्यूज एजेंसी
भटनी। थाना क्षेत्र के पुतरी गांव में ननिहाल में आए युवक की सोमवार की शाम छोटी गंडक नदी में डूबने से मौत हो गई। वह बनकटा थाना क्षेत्र के सोहनपुर गांव के ताड़ी टोले का रहने वाला था। वह ननिहाल आया था। मंगलवार की शाम वह दोस्तों के साथ नगवा घाट पर छोटी गंडक नदी में स्नान कर रहा था तभी गहरे पानी में चला गया, जिससे वह डूब गया।
बनकटा थाना क्षेत्र के सोहनपुर ताड़ी टोला गांव निवासी राजा राजभर (20) बीए प्रथम वर्ष का छात्र था। वह रविवार को अपनी माता के साथ ननिहाल भटनी के पुतरी गांव में आया था। मंगलवार की शाम गर्मी से निजात पाने के लिए वह दोस्तों के साथ नगवा घाट पर छोटी गंडक नदी में नहा रहा था। इसी दौरान पानी के बहाव के साथ वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। दोस्तों के शोर मचाने पर घाट पर मौजूद लोग, उसकी तलाश में जुट गए। पुलिस की मौजूदगी में काफी प्रयास के बाद उसे नदी से बाहर निकालकर सीएचसी भटनी लाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसकी जानकारी पर पुतरी और सोहनपुर गांव में चीख-पुकार मच गई। मां-पिता, भाई-बहन व अन्य परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी शिव प्रताप सिंह ने बताया कि छोटी गंडक नदी में डूबने से युवक की मौत हुई है। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।