सलेमपुर। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में अपने ससुराल आए भाटपार रानी क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले युवक की संदिग्ध हालत में शुक्रवार की सुबह मौत हो गई।
सूचना के बाद परिवार के लोग आनन-फानन में उसके ससुराल आए और शव को लेकर घर चले गए। इसके थोड़ी देर बाद कुछ लोगों ने मौत का कारण संदिग्ध बताते हुए शव के पोस्टमार्टम की मांग की। इसके बाद परिजन शव वापस कोतवाली लेकर चले आए और शव का पीएम कराने की मांग की। जिसके बाद पुलिस शव कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। भाटपार रानी क्षेत्र के बरईपार बाबू गांव का रहने वाला निक्कू पासवान (25) वर्ष पुत्र स्व. नंदजी का कोतवाली क्षेत्र के मलकौली गांव में ससुराल है। परिवार के लोगों के मुताबिक बृहस्पतिवार की शाम वह अपने चचेरे भाई सूरज के साथ अपने ससुराल आया। उसे ससुराल छोड़ने के बाद उसका चचेरा भाई घर वापस लौट गया। ससुराल वालों का सुबह फोन आया कि रात में भोजन करने के बाद निक्कू सोए थे और और सुबह वह मृत अवस्था में मिले।
परिवार के लोग मौके पर पहुंच कर शव को लेकर गांव चले गए। जहां ग्रामीणों ने मौत को संदिग्ध मानकर पोस्टमार्टम कराने की बात कही। जिसके बाद परिजन शव लेकर सलेमपुर कोतवाली पहुंचे और पोस्टमार्टम कराने की मांग की। संवाद