पैकौली। सुरौली थाना क्षेत्र के सिंगही गांव के पास बृहस्पतिवार को दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक की चचेरी बहन और पटीदारी की भाभी भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। राहगीरों की मदद से तीनों को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज देवरिया पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। चचेरी बहन की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे गोरखपुर रेफर कर दिया।
सुरौली थाना क्षेत्र के अगया गांव निवासी चंदन राजभर (20) पुत्र रामानंद राजभर अपनी चचेरी बहन शर्मिला राजभर और पटीदारी की भाभी सरोज राजभर को बाइक से लेकर देवरिया आ रहा था। बताया जा रहा है कि तीनों सिंगही गांव के पास पहुंचे थे। इसी दौरान सामने से तेज गति से आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक की टक्कर हो गई।