देवरिया। नगर पंचायत बैतालपुर ब्लाॅक कार्यालय के पास रविवार की सुबह अनुबंधित बस की ठोकर से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद भाग रही बस के बारे में लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गौरी बाजार के पास बस को अपने कब्जे में ले लिया।
गौरी बाजार थाना क्षेत्र के बेलही तिवारी गांव निवासी वेद प्रकाश मणि 29 वर्ष पुत्र दीनानाथ सुबह करीब आठ बजे गांव से पैदल ही बैतालपुर कस्बे में आए थे। वह विकास खंड कार्यालय के पास सड़क पार कर रहे थे कि देवरिया की तरफ से गोरखपुर जा रही अनुबंधित बस ने ठोकर मार दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल वेद प्रकाश को आसपास के लोगों ने मेडिकल कालेज पहुंचाया, जहां इमरजेंसी में डाॅक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी होने पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक चार भाइयों में सबसे छोटा था और शादी नहीं हुई थी। थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि घेराबंदी कर बस को पकड़ लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है।