बरहज। मदनपुर थाना क्षेत्र के महेन गांव स्थित जोगीबीर मोहल्ला निवासी संदीप साहनी 28 वर्ष की रविवार की शाम राप्ती नदी में डूबने से मौत हो गई। जानकारी होने पर घर में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची मदनपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए भेज दिया है।
आजमगढ़ के दोहरीघाट निवासी संदीप साहनी रामभुल्ली साहनी अपनी मां कलावती देवी के साथ महेन के जोगीबीर गांव स्थित ननिहाल में रहते थे। लोगों के अनुसार, वह एक माह पूर्व कमाने गये हुए थे। दो दिन पूर्व वापस घर चले आए थे। रविवार की शाम को वह किसी कार्य से नदी की ओर गए थे। जहां पैर फिसल जाने से वह गहरे पानी में चले गए और नदी में डूब गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें नदी से बाहर निकाल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महेन ले गए। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि संदीप तीन भाई में सबसे बड़े थे। पिता की मौत के बाद से वह जोगीबीर स्थित मामा गोरख साहनी के घर ननिहाल में रह रहे थे। मदनपुर थानाध्यक्ष नंदा प्रसाद ने बताया कि शव को कब्जे में लिया गया है।