भाटपाररानी। खामपार गांव के बाजार टोला निवासी नरेंद्र प्रसाद (40) की विदेश में मौत हो गई। मौत की खबर मंगलवार की रात्रि परिजनों को मिली। इसके बाद परिवार में चीख पुकार मच गई। परिजन शव के आने का इंतजार कर रहे हैं।
खामपार बाजार टोला निवासी नरेंद्र प्रसाद तीन माह पूर्व कमाने के लिए खाड़ी देश के अबू धाबी गए थे। वह अलतुर कंपनी में शटरिंग कारपेंटर का काम करते थे। वह काम करते ऊपर से उतरते समय लिफ्ट से गिर पड़े। उनके सिर में गहरी चोट आई थी। तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत का घोषित कर दिया। मौत की खबर घर आते ही परिवार में चीख पुकार मच गई। परिजन उसके शव के आने का इंतजार कर रहे हैं। नरेंद्र परिवार के एक मात्र कमाऊ सदस्य थे। उनकी पांच संतानें हैं। इसमें चार बेटियां नीलम, नीरज, नेहा और गुड़िया तथा एकमात्र पुत्र धनंजय है। उनकी आकस्मिक मौत से परिवार बेसहारा हो गया है। पत्नी गायत्री देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।