देवरिया। धान खरीद को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। जिलाधिकारी अखंड प्रताप सिंह ने धान खरीद वर्ष 2023-24 की तैयारियों के बारे में आवश्यक निर्देश दिए। कहा कि एक नवंबर से धान खरीद शुरू की जाएगी। इस वर्ष सामान्य प्रजाति के धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,183 रुपये निर्धारित किया गया है। जनपद में डेढ़ लाख मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य है। इसके लिए 136 धान क्रय केंद्र बनाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि 110 केंद्रों की जियो टैगिंग हो चुकी है। जनपद में खाद्य विभाग 67500 मीट्रिक टन, पीसीएफ 42,000 मीट्रिक टन, यूपीएसएस 9500 मीट्रिक टन, पीसीयू 27,000 मीट्रिक टन, भारतीय खाद्य निगम तथा मंडी समिति दो-दो हजार मीट्रिक टन धान की खरीद करेंगी। डीएम ने धान खरीद से संबंधित उपकरण क्रय केंद्रों पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिले में 206 इलेक्ट्रॉनिक कांटा, 66 छलना, 102 नमी मापक यंत्र, 104 पावर डस्टर और 85 पंखे उपलब्ध हैं। जिलाधिकारी ने डिप्टी आरएमओ को उपकरणों को एक नवंबर से पहले क्रय केंद्रों पर उपलब्ध कराने को कहा। खरीद प्रारंभ होने से पूर्व सभी केंद्रों पर जूट के बोरे उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी दशा में प्लास्टिक के बोरों का उपयोग न हो। इस दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार राय, जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी सुलभ आनंद सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।