नगरौली गांव के पास रेलवे ट्रैक से पुलिस ने शव को बरामद किया
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। थाना क्षेत्र के नगरौली गांव के पास रेल ट्रैक से पुलिस ने एक युवक का शव बरामद किया। युवक के मोबाइल से उसकी पहचान हुई। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
ग्राम पथरहट निवासी संतोष सिंह (19) पुत्र पिंटू सिंह शुक्रवार को घर से बिना बताए निकल गए थे। देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई और खोजबीन में जुट गए। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम नगरौली के पास एक युवक का शव पड़ा है। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। उसे मौके से युवक का मोबाइल मिला। मोबाइल के माध्यम उसकी पहचान हुई। पुलिस ने परिजनों को इस घटना की सूचना दी। मौत की खबर मिलते ही युवक के घर में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
युवक दो भाइयों में छोटा था। परिजनों के अनुसार, पिता कुछ दिनों से बीमार हैं। कुछ माह पहले वह पढ़ाई छोड़कर एक टाइल्स की दुकान पर काम कर रहा था। तीन दिन से वह दुकान पर भी नहीं जा रहा था। गुमसुम रह रहा था। घर की आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं है। थानाध्यक्ष दिनेश मिश्र ने बताया कि युवक की मौत की जांच की जा रही है।