संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। बनकटा थाना क्षेत्र के कल्याण नरहिया गांव में बुधवार की सुबह एक युवक की लाश उसके कमरे में चारपाई पर मिली। युवक ने दो साल पहले प्रेम विवाह किया था। उसकी एक बेटी भी है। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
किसी ने पुलिस को सूचना दी कि कल्याण नरहरिया गांव में अजय पासवान अपने घर में मृत पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक करवाई में जुट गई।
बताया जा रहा है कि दो वर्ष पहले दूसरे समुदाय की युवती से अजय पासवान का प्रेम प्रसंग सामने आया था। मामले में युवक और युवती दोनों जेल जा चुके हैं। जेल से छूटने के बाद दोनों ने शादी कर ली। उनकी एक साल की बेटी भी है। युवक के भाई ने थाने में लिखित जानकारी दी है कि पेट दर्द होने के कारण उसके भाई की मौत हो गई।
सीओ शिव प्रताप सिंह ने बताया कि युवक की पहचान अजय पासवान पुत्र संजय पासवान के रूप में हुई है। मामले की जांच की जा रही है।