खुखुंदू थाना क्षेत्र के बकुची मिश्र गांव का मामला, पुलिस जुटी जांच में
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के बकुची मिश्र गांव में बर्थडे पार्टी में मौसा के घर आए एक युवक की कुछ लोगों ने पिटाई कर पर्स छीन लिया। पर्स में साढ़े आठ हजार रुपये नकद और तीन क्रेडिट कार्ड सहित अन्य सामान रखा हुआ था। पीड़ित ने घटना की सूचना 112 पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर आरोपी छिप गए। पीड़ित ने तहरीर दी है। पुलिस जांच कर रही है।
सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के ठेगवल गांव निवासी धनंजय चौहान शनिवार रात में थाना क्षेत्र के बकुची मिश्र गांव में मौसा जयसिंह चौहान के घर बर्थडे पार्टी में आए थे। आरोप है कि कुछ युवक बाइक पर बैठाकर गांव के बाहर सुनसान जगह पर ले गए। वहां पहले से कुछ युवक छिपे हुए थे। धनंजय पर पीछे से आकर हमला कर दिया गया। हमलावरों में से एक युवक ने इसी बीच धनंजय के पाॅकेट में रखा पर्स निकाल लिया। बताया जा रहा है कि सात साल पहले ठेगवल गांव में बकुची मिश्र गांव से गए कुछ युवकों से हुए विवाद को लेकर घटना को अंजाम दिया गया है।
इंस्पेक्टर दिलीप सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। पर्स छिनैती की बात सामने आई है। जांच कर कार्रवाई होगी। सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला ने बताया कि मामला अभी मेरे संज्ञान में नहीं आया है। यदि ऐसा हुआ है तो कार्रवाई होगी।