भटनी। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने एक युवक को 8.6 लीटर देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी बिहार के गोपालगंज जिले का रहने वाला है। उस पर ट्रेन के माध्यम से शराब की तस्करी करने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, भटनी रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार की रात जीआरपी यात्री सुरक्षा को लेकर गश्त कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-दो के पूर्वी छोर पर एक युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। तलाशी लेने पर उसके झोले से 43 पाउच देसी शराब मिला। पूछताछ में उसकी पहचान मन्नू कुमार पटेल, निवासी टोला बथुआ, थाना मांझा, जिला गोपालगंज (बिहार) के रूप में हुई।
जीआरपी प्रभारी अजय कुमार मौर्य ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ट्रेन के माध्यम से शराब तस्करी की बात सामने आई है। आरोपी पर आबकारी अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसका चालान कर दिया गया है।