.....
संवाद न्यूज एजेंसी
मईल। हम अपनी मर्जी से मरत बानी... सुसाइड नोट में एक लाइन लिखकर 17 साल की किशोरी फंदे से लटक गई। थाना क्षेत्र के बलहा गांव में बुधवार को यह घटना हुई। मौके पर पुलिस को सुसाइड नोट लिखा कागज उसके बांह पर बंधा मिला। शव को उतरवाने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मईल थाना क्षेत्र के बलहा गांव निवासी संजू चौहान (17) रोज की तरह मंगलवार की रात खाना खाने के बाद अपने घर के कमरे में जाकर सो गई। उसकी माता मुनेसरी व पिता लक्ष्मण चौहान घर के बरामदे में सोए थे। उसकी बड़ी बहन डब्ली दूसरे कमरे में सोई थी।
बुधवार को सुबह जब परिवार के लोग सोकर उठे तो देखा कि संजू घर के कटरैन में लगे बांस से गले में फंदा लगाकर लटकी है। घटना की जानकारी परिजनों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही प्रभारी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। मौके का निरीक्षण करने के बाद शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
संजू ने अपने हाथ में सुसाइड नोट बांधा था। इसमें लिखा था कि हम अपनी मर्जी से मरत बानी। सुसाइड नोट को पुलिस अपने कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल कर रही है। उसके पिता मजदूरी करके परिवार का पालन पोषण करते हैं।
बरहज के सीओ आदित्य कुमार ने बताया कि एक किशोरी का शव फंदे से लटका मिला। मौके से सुसाइड नोट मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।