हत्यारोपी भाई और भाभी को पुलिस ने हिरासत में लिया, देवरिया के अकटहां गांव का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर (देवरिया)। अकटहां गांव में बृहस्पतिवार रात आम तोड़ने के विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया है। हत्या आरोपी भाई और भाभी को हिरासत में लिया है।
जानकारी के मुताबिक, अकटहा गांव निवासी वंशराज के बेटे नंदलाल निषाद (44) और मेवालाल निषाद अपने-अपने परिवार के साथ अलग रहते हैं। नंदलाल की कोई संतान नहीं है। बृहस्पतिवार की शाम नंदलाल ने घर के सामने चरागाह की जमीन पर लगे पेड़ से दो किलो आम तोड़ लिया। इस बात को लेकर रात करीब नौ बजे दोनों भाइयों के परिवार के बीच मारपीट हो गई, जिसमें नंदलाल को गंभीर चोटें आईं।
नंदलाल की पत्नी जानकी देवी ने आरोप लगाया है कि उनके जेठ ने उनके पति को लाठी-डंडे से जमकर पीटा। सिर में चोट लगने के कारण नंदलाल की मौके पर ही मौत हो गई। भयभीत जानकी रात में पुलिस को सूचना नहीं दे पाईं। शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी पुलिस को दी।
प्रभारी कोतवाल केशव मौर्या ने बताया कि नंदलाल की पत्नी की तहरीर पर केस दर्ज कर हत्यारोपी बड़े भाई और भाभी को हिरासत में लिया गया है। सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक राजेश सोनकर, एसडीएम अरुण कुमार और सीओ जिलाजीत भी घटनास्थल पर पहुंचे।