इंदिरा गांधी कंपोजिट विद्यालय रामनाथ देवरिया के बूथ पर जुटे लोग
देवरिया। मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत रविवार को बूथों पर अलग-अलग तस्वीर देखने को मिली। पहली बार वोटर बनने को लेकर युवाओं में उत्साह दिखा तो एसआईआर में कटे नाम दोबारा जुड़वाने के लिए लोग परेशान नजर आए।
कई मतदाता सूची में दर्ज गलतियों को सुधारने के लिए आवेदन लेकर पहुंचे। जिले के सभी बूथों पर आयोजित विशेष शिविरों में दिनभर गहमागहमी रही। बीएलओ ने आवेदन लेने के साथ लोगों को जरूरी दस्तावेजों की जानकारी दी।
सदर बीआरसी परिसर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय के बूथ संख्या 69, 70 और 71 पर 56 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें नाम जोड़ने, विलोपन और संशोधन के आवेदन शामिल थे। एसआईआर में नाम कटने के बाद चार लोगों ने दोबारा नाम जुड़वाने के लिए आवेदन किया। मकान संख्या 315/60 के एक परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग स्थानों पर दर्ज होने की शिकायत की।
परिवार ने नामों को सही क्रम में दर्ज कराने के लिए संशोधन आवेदन दिया। यहां राजेंद्र, गीता यादव और कुसुमावती बीएलओ की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
राजीव गांधी प्राथमिक विद्यालय रामनाथ देवरिया के बूथ संख्या 298 और 299 तथा इंदिरा गांधी कंपोजिट विद्यालय के बूथ संख्या 300 से 305 तक कुल आठ बूथों पर शनिवार और रविवार को 67 आवेदन मिले।
दूसरे दिन 41 लोगों ने आवेदन जमा किए। इनमें 20 नाम जोड़ने, सात विलोपन और 14 संशोधन के आवेदन थे। सुपरवाइजर प्रियरंजन ने बूथों पर पहुंचकर बीएलओ के कार्यों का पर्यवेक्षण किया।