बरियारपुर। पुणे से दिवाली मनाने घर लौट रहा गौर कोठी गांव निवासी 21 वर्षीय नीतेश गुप्ता लापता हो गया है। पांच नवंबर को पुणे रेलवे स्टेशन से परिजनों से आखिरी बार बात हुई थी। इसके बाद से उसका मोबाइल बंद है। युवक का सुराग नहीं मिलने से परिवार के लोग परेशान हैं।
गांव निवासी राधेश्याम गुप्ता का पुत्र नीतेश महाराष्ट्र के पुणे में एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। परिजनों के अनुसार, वह दिवाली पर घर आने के लिए निकला था। पांच नवंबर की शाम करीब छह बजे उसने पुणे रेलवे स्टेशन से फोन कर घरवालों से बात की थी। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। काफी इंतजार के बाद भी वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
परिजनों ने युवक की तलाश के लिए पुणे, लखनऊ और गोरखपुर जीआरपी को ऑनलाइन गुमशुदगी की सूचना दी है। त्योहार पर बेटे के घर लौटने की राह देख रहे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने लोगों से नीतेश के बारे में कोई जानकारी मिलने पर सूचना देने की अपील की है।