तरकुलवा। चौराहे से बाजार कर घर लौट रहा एक युवक मंगलवार की देर शाम सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में बुधवार की भोर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई में जुट गई।
थाना क्षेत्र के हरपुर निजाम गांव निवासी रविंद्र सिंह (46) पुत्र स्वर्गीय कोमल सिंह मंगलवार की शाम को घर से बाजार करने निकला था। देर शाम वह चौराहे से सामान लेकर घर लौट रहे थे।
तभी सड़क पार करते समय पथरदेवा की तरफ से देवरिया जा रहे अज्ञात वाहन ने उनको ठोकर मार दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास के लोगों ने उनको इलाज के लिए सीएचसी पथरदेवा पहुंचाया, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। वहां भी हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान बुधवार की भोर में उनकी मौत हो गई।
थाना प्रभारी मृत्युंजय राय ने बताया कि अज्ञात वाहन की ठोकर से एक व्यक्ति की मौत हो गई। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।