देवरिया। पांच दिन पूर्व सड़क हादसे में घायल हुए सब्जी विक्रेता की इलाज के दौरान बुधवार की रात गोरखपुर में मौत हो गयी। एक शादी समारोह में से लौटते समय 18 जनवरी को चार पहिया वाहन की चपेट में आने से रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के सिरसिया नं.1 के समीप वह घायल हो गया था।
इसके बाद उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। वहां से उसे गोरखपुर रेफर कर दिया गया था। इलाज के क्रम में बुधवार की रात में उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
सदर कोतवाली के पिड़रा वार्ड नंबर एक निवासी सोनू गुप्ता (34) स्व.जमुना प्रसाद सब्जी बेचने का काम करता था। 18 जनवरी को वह रामगुलाम टोला निवासी गुड़ विक्रेता कौशल मद्धेशिया पुत्र रामनिवास के साथ बाइक से एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए कोटवा की तरफ गए थे, जहां से वह शाम को लौट रहे थे। अभी वह देवरिया-कसयां मार्ग पर रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के सिरसिया नंबर एक गांव के समीप पहुंचे थे कि देवरिया से कसया की तरफ जा रहे एक चार पहिया वाहन की चपेट में आ गए। हादसे में बाइक सवार दोनों घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें इलाज के लिए महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सोनू की हॉलत गम्भीर देखकर बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। परिजन उसे गोरखपुर के किसी निजी अस्पताल में भर्ती कर इलाज करा रहे थे, कि बुधवार की देर रात को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। जिसके बाद परिजन उसका शव लेकर घर चले आए और इसकी जानकारी पुलिस को दी।