- , चार पर हत्या के प्रयास का केस, खुखुंदू थाना क्षेत्र के देवरिया दुबे गांव का मामला
- आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दे रही दबिश
फोटो समाचार...
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के देवरिया दुबे गांव में आपस में कहासुनी को लेकर कुछ लोगों ने एक युवक के दरवाजे पर चढ़कर लाठी-डंडे और चाकू से प्रहार कर दिया, जिससे वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। उसे मेडिकल कॉलेज देवरिया भिजवाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पीड़ित की बहन की तहरीर पर पुलिस ने गांव के चार लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। क्षेत्र के देवरिया दुबे निवासी नगीना शाह से पड़ोस के एक परिवार से आपसी कहासुनी को लेकर विवाद हुआ। इसे लेकर तीन दिन पहले पड़ोसियों ने नगीना पर हमला कर दिया। शोर मचाने पर शादीशुदा बेटी फूलमाला देवी बीच-बचाव करने पहुंची तो हमलावर उन्हें भी नहीं बख्शा।
मामला अभी शांत नहीं हुआ तब-तक फिर से पड़ोसियों ने उनके बेटे प्रभु को भी दरवाजे पर चढ़कर मारना पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि इसी बीच हमलावरों में से किसी ने प्रभु के सिर पर चाकू से प्रहार कर दिया, जिससे वह लहुलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद हमलावर भाग निकले। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। घायल प्रभु को लोगों के सहयोग से परिजन एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज देवरिया ले गए, जहां अभी उसका इलाज चल रहा है। उधर, पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले हमलावर घर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने फूलमाला देवी की तहरीर पर गांव के अरविंद, अश्वनी, सुनीता देवी और प्रद्युम्न के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।
सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।