देवरिया। शहर के छह मुखी चौराहे पर धनतेरस की खरीदारी करने जा रहे युवक को घेरकर मारपीट करने और उसका बैग गायब होने के मामले में पुलिस ने पांच-छह अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। घटना पांच नवंबर की शाम करीब पांच बजे की है। पीड़ित की शिकायत पर सात नवंबर को सदर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शांति नगर महुआबारी निवासी प्रखर पांडेय ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पांच नवंबर की शाम वह धनतेरस की खरीदारी करने बाजार जा रहे थे। रास्ते में कुछ लोग उनका पीछा करने लगे। छह मुखी चौराहे पर पहुंचते ही आरोपियों ने उन्हें घेरकर पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि एक हमलावर ने फोन कर पांच अन्य साथियों को भी बुला लिया। इसके बाद सभी ने लात-घूंसों से उनकी पिटाई की। इसी दौरान उनका बैग गायब हो गया। उसमें एटीएम कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य जरूरी दस्तावेज थे। पीड़ित ने हमलावरों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामले की जांच उपनिरीक्षक लवकुश यादव को सौंपी गई है। मारपीट की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। प्रभारी निरीक्षक शशि भूषण राय ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।