बनकटा/रामपुर बुजुर्ग। क्षेत्र के पचरुखिया गांव निवासी सचिन यादव (20) की सोमवार को पानी की मोटर बंद करते समय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। दीपावली के त्योहार के दिन हुई इस दुखद घटना से पूरे गांव में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार सचिन अपनी दादी के नहाने के बाद बाइक धो रहा था। बाइक धोने के बाद जब वह मोटर बंद करने गया तभी करंट की चपेट में आकर झुलस गया। आनन फानन में परिजन उसे पीएचसी ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देख डाक्टर ने मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। वहां पहुंचने पर डाक्टरों ने सचिन को मृत घोषित कर दिया।
सचिन अपने परिवार में तीन बहनों में इकलौता भाई था। वह अहमदाबाद में रहकर हाइड्रा चलाता था। उसके एक बहन की शादी हो चुकी है। बहन की शादी के बाद इस बार छठ पर्व पर कोसी भरने की तैयारी थी, लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था।
बेटे की आकस्मिक मौत से मां सीता देवी, पिता रामछबीला यादव, दादी समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं घटना के बाद गांव में मातम पसर गया।