देवरिया। पुलिस लाइंस के प्रेक्षागृह में मंगलवार को प्रशिक्षु महिला आरक्षियों के लिए मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन एवं नशामुक्ति पर विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी आरटीसी दीपशिखा वर्मा व क्षेत्राधिकारी विनीत सिंह ने की, जबकि संचालन प्रभारी आरटीसी सुनीति वर्मा ने किया।
महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञों ने अलग-अलग विषयों पर मार्गदर्शन दिया। मानसिक तनाव विशेषज्ञ डॉ. वर्षा सिंह ने तनाव के लक्षण पहचानने, व्यायाम, ध्यान, सकारात्मक सोच और समय प्रबंधन जैसे उपायों को तनावमुक्त जीवन के लिए जरूरी बताया। मनोविशेषज्ञ डॉ. तूलिका पांडेय ने भावनात्मक संतुलन बनाए रखने, अवसाद-चिंता से निपटने और कार्यस्थल पर मनोबल बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की। काउंसलर डॉ. नेत्रिका पांडेय ने नशामुक्ति पर सत्र लेते हुए नशे के मानसिक व शारीरिक नुकसान और नशामुक्त जीवन के लाभों पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्रशिक्षुओं को नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का आह्वान किया। गाइनोलॉजिस्ट डॉ. रश्मिका श्रीवास्तव ने महिला स्वास्थ्य, मासिक धर्म स्वच्छता, पोषण और नियमित स्वास्थ्य जांच की अहमियत बताई।
कार्यक्रम के अंत में विशेषज्ञों ने प्रशिक्षुओं के सवालों के जवाब दिए। क्षेत्राधिकारी दीपशिखा वर्मा ने कहा कि पुलिस सेवा में मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है, और ऐसे प्रशिक्षण कार्यकुशलता के साथ जीवन की गुणवत्ता भी बढ़ाते हैं। प्रशिक्षु महिला आरक्षियों ने स्वस्थ आदतें अपनाने, तनावमुक्त रहने और नशामुक्ति का संदेश समाज में फैलाने का संकल्प लिया।