अटल आवासीय विद्यालय सहजनवां में कराया जाएगा नामांकन
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। कोरोना की चपेट में आकर जान गंवाने वाले श्रमिकों के बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अटल आवासीय विद्यालय में नामांकन होगा। श्रम प्रवर्तन अधिकारी शशि सिंह ने बताया कि ऐसे बच्चे जिनके माता-पिता की मौत कोरोना से हो गई है, उनका वित्तीय वर्ष 2023-24 में कक्षा छह में नामांकन कराया जाएगा। विद्यालय में बच्चों के बौद्धिक, शारीरिक एवं उनके संपूर्ण व्यक्तित्व का विकास करना है तथा पाठ्यक्रम सीबीएसई बोर्ड से नवोदय की भांति किया जाएगा। यहां बच्चों के लिए कक्षा छह से कक्षा 12 तक निशुल्क आवासीय शिक्षा, खेलकूद उपलब्ध है।
बोर्ड के अंतर्गत पंजीकृत ऐसे श्रमिक जिनका पंजीयन कम से कम तीन वर्ष पुराना है उनके बच्चे पात्र होंगे। ऐसे श्रमिक जिनके बच्चे 2022 में कक्षा पांच उत्तीर्ण किए हैं तथा उनकी आयु 10 वर्ष से 13 वर्ष के बीच हो, कार्यालय सहायक श्रम आयुक्त, विकास भवन परिसर देवरिया में आवेदन कर सकते हैं। नामांकन से पूर्व लिखित परीक्षा कराई जाएगी। उत्तीर्ण छात्र/छात्राओं का अटल आवासीय विद्यालय में नामांकन किया जाएगा।