सलेमपुर। भटनी-वाराणसी रेलवे क्रॉसिंग पर सलेमपुर बाईपास एनएच सड़क के लिए ओवरब्रिज का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। निर्माणाधीन ओवरब्रिज का कार्य दो वर्षों में पूरा करना है।
अब तक 25 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। ओवरब्रिज बनने से सलेमपुर बाईपास रोड से फर्राटा भरने के लिए 25 से अधिक गांवों के करीब एक लाख लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। वहीं सलेमपुर शहर में लगने वाले जाम से भी निजात मिलेगी।
सलेमपुर बाईपास (राष्ट्रीय राजमार्ग 727बी) के लिए भूमि अधिग्रहण के बाद सड़क निर्माण के लिए शासन से 1657 करोड़ रुपये धन आवंटित करने के बाद निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।
सलेमपुर-देवरिया मुख्य मार्ग के बिगही गांव से निकलकर सिसवां पांडेय, भीमपुर, चकरवां बहोरदास, बरसीपार, प्यासी, बड़वा टोला, मझौली राज, देवरिया उर्फ शामपुर, नादघाट, कौड़िया काजी, कौड़िया जयराम, लार नवलपुर मुख्य मार्ग पार कर उरदौली गांव के पास भागलपुर-सलेमपुर मार्ग को जोड़ेगा। इसमें 18 गांव के करीब 65.44 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहित कर पिलर लगा दिया गया है।
यह बाईपास 14.700 किमी लंबा बनाया जा रहा है। इसमें चकरवा बहोरदास और भीमपुर गांव के बीच रेलवे लाइन पर फ्लाईओवर का निर्माण तेजी से चल रहा है। विभाग के मुताबिक ओवरब्रिज का तकरीबन 25 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि प्यासी और नादघाट गांव के समीप छोटी गंडक नदी पर पक्के पुल के निर्माण के लिए समान गिर चुका है।
वहीं मझौली-भाटपार रानी मार्ग पर बड़वा टोला गांव के समीप गोलंबर बनेगा, जहां से तमकुहीराज, मझौलीराज, सलेमपुर, देवरिया और बलिया के यात्री अपने-अपने स्थान के लिए प्रस्थान करेंगे।