देवरिया। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5.0 के द्वितीय चरण के तहत मंगलवार को जिले के पुलिस द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।
पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में जनपद के समस्त थानों की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीमों ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया।
टीम ने बरहज बाजार में महिलाओं, बच्चियों एवं छात्राओं को पम्पलेट वितरित किए। टीम ने सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों—डायल-112, हेल्पलाइन-181, वुमेन पावर लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, सीएम हेल्पलाइन-1076, वन स्टॉप सेंटर-181, स्वास्थ्य सेवा-102, एंबुलेंस सेवा-108 व साइबर हेल्पलाइन-1930—की जानकारी देकर उन्हें जागरूक किया। इस दौरान थाना बरहज की मिशन शक्ति टीम, इसमें उनि अभिमीत कुमार, आरक्षी बबलू गिरी, महिला आरक्षी रजनी सिंह व महिला आरक्षी रीना यादव शामिल रहीं।
इसके अतिरिक्त जनपद के सभी थानों की एंटी रोमियो व मिशन शक्ति टीमों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों के सार्वजनिक स्थानों, बाजारों एवं धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को पम्पलेट वितरित किए गए।
टीम ने पचलड़ी बाजार में महिलाओं व बालिकाओं को जागरूक करते हुए विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। साथ ही उन्हें आपातकालीन सेवाओं एवं सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग के प्रति जागरूक किया गया।
इसी प्रकार थाना एकौना की मिशन शक्ति टीम में विजय कुमार सिंह, आरक्षी विकास यादव व महिला आरक्षी ममता तिवारी शामिल रहीं।