संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व सशक्तिकरण के लिए संचालित मिशन शक्ति फेज-05 एवं शक्ति दीदी अभियान के तहत जिले में रविवार को व्यापक अभियान चलाया गया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर के निर्देशन में सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों द्वारा संचालित किया गया।
थाना बरहज की महिला आरक्षी अनुपमा तिवारी और प्रीति यादव ने क्षेत्र की महिलाओं व बालिकाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों जैसे डायल 112, हेल्पलाइन 181, वुमेन पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, सीएम हेल्पलाइन 1076, वन स्टॉप सेंटर 181, स्वास्थ्य सेवा 102 और एंबुलेंस सेवा 108 के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया। इसी प्रकार, थाना रुद्रपुर की महिला आरक्षी सुधा मिश्रा और रागिनी मौर्या ने कस्बों व बाजारों में महिलाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी और पंपलेट वितरित किए। इसी क्रम में जनपद के अन्य थानों की मिशन शक्ति टीमों ने सार्वजनिक स्थानों, धार्मिक स्थलों और बाजार क्षेत्रों में जाकर महिलाओं को आत्मनिर्भर और सुरक्षित रहने के लिए प्रेरित किया। पुलिस टीमों ने बताया कि संकट की स्थिति में इन हेल्पलाइन नंबरों के माध्यम से त्वरित सहायता प्राप्त की जा सकती है। यह अभियान महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा व आत्मविश्वास की भावना जाग्रत करने के उद्देश्य से निरंतर जारी रहेगा।
-