देवरिया/रामपुर बुजुर्ग। बनकटा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी तीन महिलाओं से लोन का पैसा उठवाकर गांव का एक युवक फरार हो गया था। इधर महिलाओं पर फाइनेंस कंपनी के एजेंटों ने किश्त के लिए दबाव डालना शुरू किया तो तीनों महिलाओं ने बनकटा थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। महिलाओं की तहरीर पर पुलिस आरोपी जालसाज सहित उसके परिवार के चार सदस्यों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी में जुटी हुई है। बनकटा थाना क्षेत्र के दलन छपरा गांव निवासी भीम प्रसाद नामक एक व्यक्ति ने गांव के ही तीन महिलाओं को झांसे में ले लिया था। उसने अपनी मजबूरी बताकर पहले तीनों को विश्वास में लेकर उनसे एक फाइनेंस कंपनी से लोन की रकम निकलवाई। इसके बाद उस किश्त चुकता करने लगा था।
यह देख महिला भी आश्वस्त हो गईं कि वह धोखा नहीं देगा। इसके बाद उसने गांव की दुर्गावती देवी पत्नी छोटे लाल, ममता देवी पति हरिकेश पाल व अजोरिया देवी पति जगनवास पाल को झांसे में लेकर करीब आठ लाख रुपये कई फाइनेंस कंपनियों से लोन के रूप में निकलवा लिया कुछ दिन तक किसी में दो तो किसी का तीन किश्त जमा किया। इसके बाद किस्त की रकम जमा करना बंद कर दिया। करीब दो से ढाई माह पहले वह अपनी पत्नी व बच्चों को लेकर गांव भी चुपके से छोड़ दिया था। इधर जब फाइनेंस कंपनी के एजेंट किस्त की रकम लेने तीनों महिलाओं के दरवाजे पर पहुंचे तो उन्हें जालसाजी की जानकारी मिली। महिलाओं ने पहले युवक से संपर्क किया तो युवक ने पहले किस्त जमा करने की बात कही। इसके बाद महिलाओं का फोन उठाना बंद कर दिया। इधर फाइनेंस कंपनी का दबाव देख महिलाओं ने गांव निवासी उक्त व्यक्ति के खिलाफ बनकटा थाने में पहुंच तहरीर दी। उनकी तहरीर पर आरोपी जालसाज भीम पुत्र चंद्रशेखर, जितेंद्र पुत्र चंद्रशेखर, धर्मेंद्र पुत्र चंद्रशेखर व चंद्रशेखर पुत्र अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है। थानाध्यक्ष संतोष कुमार से पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की धर पकड़ में जुटी हुई है। जल्द ही उनकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।