- पति से हुआ था विवाद, क्षेत्र के बेलम्हा गांव में हुईं घटना
बघौचघाट। क्षेत्र के बेलम्हा गांव में सोमवार रात महिला का शव कमरे में छत के कुंडे से लटका मिला। बताया जा रहा है कि महिला पति से मोबाइल पर तेज आवाज में बात कर रही थी। आधी रात में परिजनों के दरवाजा खटखटाने पर कोई आवाज नहीं आई तो खिड़की से झांक कर देखा तो शव फंदे के सहारे लटक रहा था। परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्षेत्र के बेलम्हा गांव की रहने वाली जरीना (25) के पति अकबर विदेश में नौकरी करते हैं। सोमवार रात जरीना अपने पति से मोबाइल पर बात कर रही थी। परिजनों ने बताया कि बातचीत के दौरान पति-पत्नी दिनों में कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते जरीना तेज आवाज में बात करने लगी। उसके बाद महिला ने मोबाइल फोन काट दिया और अपने कमरे में चली गई। आधी रात के बाद परिजनों को कुछ शक हुआ तो वे जरीना के कमरे के पास पहुंचे और आवाज लगाई। कमरे से कोई आवाज नहीं आई। कमरे का फाटक अंदर से बंद था। अंदर कोई प्रतिक्रिया नहीं आने पर परिजनों ने खिड़की से झांक कर देखा तो पता चला कि जरीना का शव छत के कुंडे से फंदे के सहारे लटका था।
परिजनों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। रात में ही पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। थाना प्रभारी प्रदीप अस्थाना ने रात में ही मयफोर्स मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी प्रदीप अस्थाना ने बताया कि महिला के शव को छत की कुंडी से उतारा गया। पंचनामा करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। आगे की जांच चल रही है।