...फोटो समाचार
तीन दिवसीय ओपेन प्रदेश स्तरीय आमंत्रण महिला कुश्ती प्रतियोगिता का शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। स्पोर्ट्स स्टेडियम में रविवार की शाम को तीन दिवसीय ओपेन स्टेट महिला कुश्ती प्रतियोगिता की शुरुआत हुई। पहले दिन कुल पांच मुकाबले हुए। इसमें अयोध्या छात्रावास, वाराणसी, साई छात्रावास वाराणसी, गोरखपुर एवं चंदौली की खिलाड़ियों ने जीत हासिल कर अगले दौर में प्रवेश किया।
खेल निदेशालय एवं उ.प्र. कुश्ती संघ के समन्वय से आयोजित ओपेन प्रदेश स्तरीय आमंत्रण महिला कुश्ती प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि सदर विधायक डाॅ. शलभ मणि त्रिपाठी ने खिलाड़ियों से हाथ मिलवाकर उद्घाटन किया। क्रीड़ाधिकारी राज नारायण प्रसाद ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 10 टीमें नौ भार वर्ग में भाग ले रही हैं। पहले दिन कुश्ती खिलाडि़यों का वजन किया गया। इसमें 71 महिला खिलाड़ी मौजूद रहीं।
क्रीड़ाधिकारी ने बताया कि रविवार को 65 व 57 किलोग्राम भार वर्ग के पांच मुकाबले खेले गए। पहला मुकाबला नेहा गुप्ता छात्रावास अयोध्या और आंचल गुप्ता चंदौली के बीच खेला गया। इसमें नेहा गुप्ता प्रतिद्वंद्वी पहलवान पर भारी पड़ीं। दूसरा मुकाबला जाह्नवी राजभर अयोध्या और ज्योति पासवान गोरखपुर बीच हुआ। इसमें जाह्नवी को जीत मिली। तीसरा मुकाबला प्रीति कुमारी साई वाराणसी और अंशिका स्पोर्ट्स काॅलेज गोरखपुर के मध्य हुआ। इसमें प्रीति ने जीत हासिल की।
चौथे मुकाबले में गोरखपुर की आरुषी राव ने मुरादाबाद की ललिता गोतम को हराया। पांचवां मुकाबला चंदौली की अंशिका यादव व अयोध्या छात्रावास की जान्हवी राजभर के मध्य हुआ। इसमें अंशिका ने जीत हासिल की।
इस दौरान डीके पांडेय, अवधेश यादव, अशोक कुमार सिंह, कादिर आलम, सौरभ यादव, सुरेश कुमार एवं निर्णायक गोरख यादव संयुक्त सचिव वाराणसी कुश्ती संघ, रमाकांत, अशोक कुमार सोनकर, अमरनाथ यादव, ओमप्रकाश यादव, रामानंद यादव, गोविंद यादव, कुलविंदर सिंह, विवेक मलिक, संगीता सिंह, अंजुम मलिक आदि मौजूद रहीं।