महिला की गला रेत कर हत्या, पोखरे के किनारे मिला शव
बघौचघाट। स्थानीय थाना क्षेत्र के मलसी चौराहे से कुछ दूरी पर मंगलवार की सुबह एक पोखरे के किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिला। महिला की गला रेत कर हत्या की गई थी। पुलिस महिला की शिनाख्त करने में जुटी हुई है। एसपी डा. श्रीपति मिश्र, एएसपी राजेश कुमार, सदर सीओ निष्ठा उपाध्याय ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर मिले साक्ष्य को इकट्ठा किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना क्षेत्र के मलसी चौराहा से करीब आठ सौ मीटर की दूरी पर स्थित पोखरे के पास सुबह कुछ युवक टहलने के लिए गए थे। इसी दौरान एक 35 वर्षीय महिला की शव को देखा। कुछ ही देर में काफी भीड़ जुट गई। मौके पर प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र प्रताप राय पहुंचे और महिला के शिनाख्त कराने में जुट गए।लेकिन घंटों प्रयास के बाद भी महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने देखा कि महिला के गले को किसी धारदार हथियार से रेता गया था। जहां से काफी खून निकला हुआ था। शव के पास से महिला का चप्पल, एक पेन, मार्कर और विद्युत तार पड़ा था। पुलिस को आशंका है कि महिला की हत्या दूसरी जगह की गई है और शव को यहां लाकर फेंका गया है। एसपी ने कहा कि घटना की छानबीन की जा रही है। सबसे पहले प्रयास है कि महिला की पहचान हो ताकि हत्या का राज खुल सके।
एक दिन पहले दो लोगों के साथ दिखी थी महिला
बघौचघाट। पुलिस को कुछ ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार की शाम को हम लोग खेत में सरसों काट रहे थे। इस दौरान महिला के साथ एक बुजुर्ग और एक युवक को पोखरे से कुछ दूर नाले के पास दिखाई दी थी।