बरहज के सोनाड़ी निवासी और मृतका सुमन देवी का फाइल फोटो संवाद
बारीपुर मंदिर के निकट बरहज मार्ग पर खड़े डंफर में घुस गई थी कार
संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज/करूअना। क्षेत्र के सोनाड़ी गांव निवासी सुमन सिंह (40) पत्नी सत्यवान सिंह की बुधवार की देर रात गोरखपुर मेडिकल कालेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। जानकारी होने पर घर में रोना-पिटना मच गया। नौ मई की देर रात को गड़ेर के बारीपुर मंदिर के निकट बरहज मार्ग पर खड़े डंफर से कार टकरा गई थी। इसमें सुमन सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जबकि एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी।
सुमन की मौत की जानकारी होने पर गांव में सन्नाटा फैल गया। उनके दरवाजे पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सुमन की मौत से पुत्र साहिल (17) और पुत्री खुशी (15) का रो-रो कर बुरा हाल था। लोगों के अनुसार नौ मई को सुमन एक समारोह में देवरिया गई थी। जहां रात में कार से वापस घर आ रही थी। इसी बीच सड़क किनारे खड़े वाहन से कार टकरा गई थी। जिसमें परसियां भीखम निवासी सतेंद्र सिंह पुत्र कैलाश सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चंद्रावती, सुमन और हर्ष सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सुमन की मौत और बच्चों का बिलखना देख दरवाजे पर आने-जाने वाले लोग ईश्वर को कोस रहे थे।