- खुखुंदू थाना क्षेत्र के एक गांव में जमीन विवाद में पड़ोसी ने घर में अकेली रह रही महिला से की थी मारपीट और छेड़खानी
- पीड़िता ने डीएम और एसपी को भी दिया है प्रार्थनापत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के एक गांव की पीड़ित महिला तीन दिनों से लगातार थाने का चक्कर लगा रही है। आरोप है कि पुलिस रोजाना सुबह बुलाती है और शाम को दूसरे दिन आने की बात कहकर लौटा देती है। पीड़ित महिला ने इस मामले में एसपी और डीएम को भी पत्र दिया है। सोमवार को वह फिर एसपी के पास जाएगी।
खुखुंदू थाना क्षेत्र के एक गांव में 20 दिनों पहले जमीन विवाद को लेकर एक महिला को पड़ोसियों ने मारपीट कर घायल कर दिया। इतना ही नहीं घर पर अकेली रह रही महिला से छेड़खानी भी की गई। घटना के समय पीड़ित महिला ने मौके पर 112 पुलिस बुला ली। हालांकि इसके बाद आरोपी को पकड़ना तो दूर आज तक मौके पर पुलिस नहीं पहुंची, जबकि पीड़ित महिला ने तत्काल तहरीर दी थी।
पीड़िता का आरोप है कि उधर भी लगातार चार-पांच दिनों तक कार्रवाई के लिए थाने पर पहुंची, लेकिन पुलिस ने सुनवाई नहीं की। इसके बाद पीड़िता ने पांच सितंबर को एसपी संकल्प शर्मा और फिर 12 सितंबर को डीएम दिव्या मित्तल को प्रार्थना पत्र दिया। इधर, आरोप है कि तीन दिन से पुलिस रोजाना थाने बुला रही है, और शाम को लौटा दे रही है। कार्रवाई नहीं होने से पीड़िता मायूस है। वह फिर सोमवार को एसपी दफ्तर जाने की तैयारी में है।
एसओ दिग्विजय सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कर केस दर्ज किया जाएगा। सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला ने बताया कि पीड़िता तहरीर दी है तो केस दर्ज किया जाएगा।