बखरा। गौरी बाजार थानाक्षेत्र के गौरी खुर्दगांव में यूनाइटेड किंगडम (यूके) से पार्सल मंगाने का झांसा देकर साइबर अपराधियों ने एक महिला से 5.45 लाख रुपये की ठगी कर ली।
महिला की तहरीर पर पुलिस धोखाधड़ी, जानमाल की धमकी तथा साइबर क्राइम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
थाना क्षेत्र के गौरी खुर्द गांव निवासी राधिका पासवान पत्नी राजेंद्र पासवान ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि दो दिन पहले दो अज्ञात नंबरों से फोन आया।
कॉल करने वाले लोगों ने उसे बताया कि उनका एक पार्सल यूके से आ रहा है। इसके लिए उन्होंने पैसे की मांग की। राधिका उनके झांसे में आ गई तथा उन्होंने मोबाइल बैंकिंग के माध्यम से चार से अधिक बैंक खातों में कुल 5 लाख 45 हजार रुपये भेज दिए। इसके बावजूद महिला से और रुपये की मांग ठग करने लगे।
पैसा देने से इनकार करने पर वह जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस महिला की तहरीर पर अज्ञात साइबर अपराधियों के विरुद्ध धोखाधड़ी तथा आईटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
प्रभारी निरीक्षक राहुल सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर अज्ञात साइबर अपराधियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।