पैकौली। सुरौली थाना क्षेत्र के परसा जोकहा गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में बृहस्पतिवार को मौत हो गईं। बरहज में कटईलवा घाट स्थित सरयू तट पर अंतिम संस्कार से पहले पुलिस ने पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया।
महिला के भाई ने पुलिस को फोन कर बहन की मौत मारपीट के बाद होने का आरोप लगाया है। परसा जोकहा गांव निवासी गुड़िया देवी (40) पत्नी बृजेश सोनकर की तबीयत खराब थी। इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए बरहज के कटईलवा घाट ले गए थे।
घाट पर दाह संस्कार की तैयारी चल रही थी। इसी बीच गुड़िया के भाई आशीष निवासी बड़हलगंज ने पुलिस को सूचना देकर आरोप लगाया कि उसकी बहन की मौत मारपीट के बाद हुई है। उसने यह भी आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष बिना मायके वालों को सूचना दिए जल्दबाजी में अंतिम संस्कार कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही बरहज पुलिस मौके पर पहुंची और सुरौली पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद सुरौली पुलिस कटईलवा घाट पहुंची और अंतिम संस्कार रुकवाते हुए शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सुरौली थानाध्यक्ष अविनाश कुमार मौर्य ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।