बरहज। चकरा नोनार गांव में बुधवार की देर रात एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। जानकारी होने पर मायके पक्ष भी पहुंच गया। मौत की वजह ससुराल के लोग पंखे से साड़ी के सहारे लटकना बता रहे हैं। जबकि मायके वाले कुछ और ही बयां कर रहे हैं। चकरा नोनार गांव निवासी दीपक यादव की पत्नी मोनिका यादव (35) की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। लोगों के अनुसार करीब आठ वर्ष पहले बेलडांड़ निवासी श्यामू यादव की पुत्री मोनिका की शादी चकरा नोनार गांव निवासी दीपक यादव के साथ हुई थी। इनके दो संतान साढ़े तीन वर्ष की दिव्या और डेढ़ वर्ष का पुत्र दिव्यांशु है। बताया जा रहा है कि पति दीपक यादव प्राइवेट कंपनी में कार्य करते हैं। इंस्पेक्टर राहुल सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। संवाद