भटनी। भटनी रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को आम्रपाली एक्सप्रेस की चपेट आकर अज्ञात महिला की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब ट्रेन स्टेशन से गुजर रही थी। जीआरपी शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त में जुटी है।
अमृतसर-कटिहार आम्रपाली एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म संख्या तीन से रनथ्रू गुजर रही थी, तभी पूर्वी छोर पर एक महिला के ट्रेन के नीचे आने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची। महिला की उम्र करीब 60 वर्ष बताई जा रही है। उसके पास से कोई ऐसा दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके।
जीआरपी ने बताया कि महिला की शिनाख्त कराने के लिए आसपास के थानों को सूचना देने के साथ ही सोशल मीडिया का भी सहारा लिया जा रहा है। पहचान होने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। जीआरपी एसओ अजय कुमार मौर्य ने बताया कि आम्रपाली एक्सप्रेस की चपेट में आकर महिला की मौत हुई है।