संवाद न्यूज एजेंसी
लार। सीएचसी में बुधवार की देर रात इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई। नाराज परिजनों में लापरवाही का आरोप लगाकर ओपीडी के मुख्य गेट के पास स्ट्रेचर पर शव रखकर हंगामा करने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो ड्यूटी पर तैनात डाॅक्टर व फार्मासिस्ट से लोगों ने धक्का-मुक्की और हाथापाई की। इससे अफरातफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस हंगामा कर रहे लोगों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद परिजन शव लेकर घर चले गए।
जानकारी के अनुसार, नगर के अनुसूचित जाति बस्ती वार्ड की 52 वर्षीय मोहिनी देवी पत्नी राजेन्द्र प्रसाद को पेट दर्द होने पर परिजन सीएचसी लेकर पहुंचे। इलाज के बाद आराम होने पर घर लेकर चले गए। दोबारा दर्द होने पर पुनः परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे। स्थिति गंभीर देख ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक परिजनों से मेडिकल काॅलेज ले जाने की बात कह रेफर पर्ची बनाने लगे। इसी बीच महिला की मौत हो गई।
परिजन शव लेकर घर जा रहे थे, इसी बीच वार्ड के कुछ लोग अस्पताल पहुंच लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा करने लगे। ड्यूटी पर तैनात डाॅ. आनंद प्रकाश और फार्मासिस्ट शमशाद की से उलझ गए। यह देख अन्य स्वास्थ्य कर्मी अस्पताल छोड़ खिसक लिए। बढ़ते मामले को देख किसी ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे नगर चौकी इंचार्ज अश्वनी प्रधान ने उग्र लोगों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद इमरजेंसी बहाल हुई।
उधर, सूचना पर पहुंचे सीओ मनोज कुमार, नायब तहसीलदार गोपाल प्रसाद, एसओ महेंद्र चतुर्वेदी ने मामले की जानकारी ली। सीएचसी अधीक्षक डॉ बीवी सिंह ने बताया कि महिला की तबीयत पहले से खराब थी। अस्पताल आने पर इलाज किया गया। हृदय गति रुकने से मौत हुई है।
लोग बेवजह हंगामा कर रहे थे। बवाल से जुड़ा फुटेज अस्पताल के कैमरे में कैद है। सीओ मनोज कुमार का कहना है कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।