देवरिया। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की 12वीं की बोर्ड परीक्षा में योजनाबद्ध तैयारी से अच्छे अंक ला सकते हैं। छात्र छात्राएं बोर्ड परीक्षा के लिए बचे हुए समय का सदुपयोग कर अच्छी तैयारी कर सकते हैं। पंडित दीनदयाल मॉडल राजकीय इंटर काॅलेज में अंग्रेजी विषय के प्रवक्ता डॉ. देवेंद्र कुमार तिवारी ने बोर्ड परीक्षा की तैयारी में जुटे छात्र-छात्राओं को जरुरी टिप्स दिए।
डॉ. देवेंद्र कुमार तिवारी ने सही दिशा में की गई तैयारी अंग्रेजी विषय को अत्यंत स्कोरिंग बना देती है। उन्होंंने बताया कि अंग्रेजी में अच्छे अंक केवल रटने से नहीं, बल्कि कांप्रेहेंसन, प्रजेंटेशन स्किल, एकुरेसी और आत्मविश्वास के सुंदर संतुलन से प्राप्त होते हैं। इसलिए आवश्यक है कि विद्यार्थी रीडिंग सेक्शन, राइटिंग सेक्शन, ग्रामर सेक्शन और लिटरेचर सेक्शन सभी पर समान रूप से ध्यान दें।
रीडिंग सेक्शन के लिए अनसीन पैसेज का अभ्यास करें। पैसेज को शांति से पढ़ें, फिर प्रश्नों को समझकर लिखें। डॉ. देवेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि राइटिंग सेक्शन वह दर्पण है जिसमें परीक्षक आपकी सोच और व्यक्तित्व दोनों को देखता है। लेटर राइटिंग, रिपोर्ट राइटिंग, आर्टिकल राइटिंग और नोटिस राइटिंग जैसे प्रश्नों को सही फार्मेट, सरल भाषा, स्पष्ट विचार और प्रभावी इंट्रोडक्शन व कंक्लुजन के साथ प्रस्तुत करने पर उत्तर आकर्षक बनते हैं। ग्रामर सेक्शन अंग्रेजी भाषा की नींव है। यदि विद्यार्थी टेंस, वॉयस, नैरेशन, एरर करेक्शन और गैप फाइलिंग का नियमित अभ्यास करें, तो कठिन लगने वाले प्रश्न भी सरल लगने लगते हैं। नियमों को समझकर उनका प्रयोग करना सबसे उपयोगी तकनीक है।
डॉ. देवेंद्र ने बताया कि लिटरेचर सेक्शन भावनाओं, विचारों और संवेदनाओं का संसार है। जब विद्यार्थी कविता और गद्य को केवल पढ़ते नहीं, बल्कि महसूस करते हैं, तब थीम मैसेज, कैरेक्टर और महत्वपूर्ण लाइनें अपने-आप स्मरण हो जाती हैं। छोटे, स्पष्ट और सारगर्भित उत्तर लिखना सफलता की कुंजी है। परीक्षा के दौरान साफ-सुथरी लिखावट, समय प्रबंधन और प्रश्नों को ध्यानपूर्वक पढ़कर उत्तर देना परीक्षा में अच्छे अंक सुनिश्चित करते हैं। डॉ. देंवेंद्र ने बताया कि पहले वही प्रश्न हल करें जिनमें आप निश्चिंत हों और फिर शेष प्रश्नों को शांत मन से पूरा करें।
सफलता केवल पुस्तकों में नहीं, बल्कि आपके मन के विश्वास और नियमित प्रयास में छिपी होती है। तनाव से दूर रहकर नियमित रिविजन करना, पर्याप्त नींद लेना, सकारात्मक सोच रखना तथा स्वयं पर विश्वास बनाए रखना परीक्षा की तैयारी का महत्वपूर्ण हिस्सा है। अपने माता-पिता और शिक्षकों के भरोसे को अपनी शक्ति बनाइए, बोझ नहीं। आप सभी में अपार प्रतिभा है, बस उसे सही दिशा देने की आवश्यकता है।
डॉ. देवेंद्र ने बताया कि यदि आप इन टिप्स और टेक्निक को ईमानदारी से अपनाएंगे, तो निश्चय ही यूपी बोर्ड के अंग्रेजी विषय में उत्कृष्ट और संतोषजनक अंक प्राप्त करेंगे।