देवरिया। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने जनपद के किसानों से अपील की है कि वे किसी भी परिस्थिति में बिचौलियों या बाजार में कम दाम पर धान न बेचें। किसान अपना संपूर्ण धान सीधे सरकारी धान क्रय केंद्रों पर लेकर आएं, जहां पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से खरीद की जा रही है।
उन्होंने बताया कि धान बिक्री के दौरान अंश निर्धारण व खतौनी से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रत्येक तहसील में हेल्प डेस्क स्थापित की गई है। यदि किसी किसान की खतौनी में अंश से संबंधित कोई त्रुटि है तो वह संबंधित तहसील की हेल्प डेस्क पर संपर्क कर उसका निस्तारण करा सकता है, जिससे धान खरीद प्रक्रिया में कोई बाधा न आए। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से छोटे और सीमांत किसानों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सभी पात्र किसानों का धान खरीदने के लिए प्रशासन द्वारा समुचित व्यवस्था की गई है।
धान खरीद से संबंधित समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शासन और जिला प्रशासन किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि धान खरीद प्रक्रिया पारदर्शी, सुव्यवस्थित और किसान हितैषी बनी रहे। संवाद