खेल प्रतियोगिता में विजेता छात्राएं पुरस्कृत
देवरिया। दीनानाथ पांडेय राजकीय महिला पीजी कॉलेज में मंगलवार को वार्षिकोत्सव एवं वार्षिक क्रीड़ा पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। मौके पर छात्राओं ने अपनी बेहतरीन प्रस्तुतियों से अतिथियों का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महेंद्र त्रिपाठी ने छात्राओं को जीवन में आगे बढ़ने के सूत्र बताए। उन्होंने कहा कि छात्राओं को पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी आगे रहना चाहिए। अपने ज्ञान का उपयोग देश व समाज के उन्नति में करें। मौके पर पूर्व में आयोजित हुई दो दिवसीय वार्षिक क्रीड़ा के विजेता प्रतिभागियों को टीएसआई रामवृक्ष यादव ने पुरस्कार प्रदान किया। पुरस्कार प्राप्त करने वालों में आकांक्षा मिश्रा, प्रसिद्धि यादव, नेहा चौरसिया, सृष्टि चौबे प्रमुख रहीं। इसके अलावा खेल सहित विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों में अव्वल रही छात्राओं को भी पुरस्कार एवं मेडल प्रदान किया गया। संचालन पंकज कुमार शुक्ल ने किया। प्राचार्य डॉ.राजेेश भारती ने सभी का आभार जताया। इस दौरान डॉ.अल्पना सिंह, असिस्टेंट प्रो.महेश, डॉ.चंद्रभूषण, ध्रुवनारायण वर्मा, दिनेश रावत, योगेंद्र प्रसाद, इंद्रभूषण पांडेय आदि मौजूद रहे।