सलेमपुर। नगर पंचायत सभागार में नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीराम यादव की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को बोर्ड की पहली बैठक हुई। इसमें सभी 13 सभासदों ने भाग लिया। जिसमें नगर में विकास कार्यों के लिए तकरीबन 165 परियोजनाओं की कार्ययोजना तैयार हुई। साथ ही साफ सफाई, सड़के, बिजली, पेयजल आदि पर कार्य किया जाएगा। इसके लिए सभासदों ने अपने-अपने प्रस्ताव दिए।
बरसात को देखते हुए नाला-नालियों की सफाई कराने के लिए सफाई नायकों को नगर पंचायत अध्यक्ष ने सख्त निर्देश दिया। उन्होंने कहा किसी भी नगर पंचायत कर्मचारी के पास अगर सभासद या उनके प्रतिनिधि फोन करते हैं, तो कर्मचारी उसे गंभीरता से लें। बैठक में नगर पंचायत के विकास कार्य जैसे जर्जर सड़कों, नालियों, नालों, नगर की सफाई व्यवस्था एवं ध्वस्त प्रकाश लाइट तत्काल सुधारने पर चर्चा हुई। जिसके बाद नगर पंचायत के सभासद हरिश्चंद्र प्रसाद, विमला देवी, जोया अख्तर, वीरेंद्र यादव, सूर्यनारायण, अशोक गुप्ता, सीमा देवी, तेज प्रताप उर्फ सोनू पांडेय, कर्मवीर रौनियार, कमला देवी, विमला देवी, कविता देवी व दीपक सैनी ने सर्वसम्मति से नगर पंचायत के 13 वार्डो में सफाई व्यवस्था, पथ व्यवस्था को सुचारु रूप से चलाने के लिए तथा जर्जर सड़कें, नालियों, नालों एवं अन्य निर्माण कार्य के लिए 165 परियोजनाओं को स्वीकृति दी।
सभासद ने एक स्वर में कहा कि नगर के अंदर संचालित हो रही शराब की दुकानें को तत्काल नगर से बाहर कराया जाए। नगर के अंदर शराब की दुकान संचालित होने से युवाओं में गलत प्रभाव पड़ रहा है। इसके साथ ही नगर में टैक्सी स्टैंड के संचालन के लिए जमीन का चयन कर स्टैंड के ठेके पर सहमति हुई। मुख्य सड़क व घनी आबादी के बीच कट रहे मछली, बकरा, मुर्गा के स्थल पर विचार किया गया।
सभासदों ने कहा कि बाजार के अंदर कट रहे मीट, मछली को परदे के अंदर रखकर ही काटा जाए। नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि बरसात को देखते हुए नगर पंचायत में युद्ध स्तर पर नालों की सफाई कराई जा रही है। मोहल्ले में जलजमाव की स्थिति न बने इस को ध्यान में रखते हुए सभी संसाधनों को ठीक कराया जा रहा है। सभी वार्डों में नई लाइट लगाई जाएंगी। इसके अलावा खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को ठीक करवाया जाएगा।
उन्होंने सफाई व्यवस्था पर विशेष जोर दिया। बैठक में अधिशासी अधिकारी हिमांशु प्रताप सिंह, लिपिक सभानंद, अंजनी कुमार सिंह, मनोज पटेल, जय गोविंद, बबलू कुमार, अनुपम मिश्रा, रंजीत कुमार, सुधीर कुमार व सत्य प्रकाश समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।