300 पेटी हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब बरामद
मेहरौना चेकपोस्ट पर पुलिस ने पकड़ा, दो गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
मेहरौनाघाट(देवरिया)। कंटेनर से बिहार के बेगूसराय ले जाई जा रही 300 पेटी हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब पुलिस ने मेहरोना चेकपोस्ट से रविवार दोपहर बरामद की। पुलिस ने केस दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया।
मुखबिर की सूचना पर मेहरौना चेक पोस्ट पर तैनात कांस्टेबल दीपक यादव और प्रवीण कनौजिया वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। चेकिंग देखकर चालक कंटेनर को खड़ा कर भागने लगा। इस पर पुलिस ने चालक और खलासी को दौड़ाकर पकड़ लिया। तलाशी में हरियाणा निर्मित 300 अंग्रेजी शराब की पेटियां बरामद हुई। शराब को अंदर से केबिन में रखी गई थी। पकड़े गए चालक और खलासी ने अपना नाम राजेंद्र सिंह और संजू निवासी कसाल, जिला-करनाल (हरियाणा) बताया है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि एक बार जाने पर पचास हजार रुपये तस्करों से मिलता है। पुलिस ने दोनों पर आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जेल भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक गिरिजेश तिवारी ने बताया कि केेस दर्ज कर लिया गया है। तस्करों को पकड़ने की कोशिश की जा रही है।