भाटपाररानी। बिहार प्रांत की मैरवा पुलिस ने धरनी छापर चेकपोस्ट के पास एक कार से बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की। चालक को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस की जांच में कार में तहखाना बनाकर शराब छिपाकर कर रखी थी। बरामद शराब की कीमत चार लाख रुपये बताई जा रही है।
मैरवा पुलिस को सूचना मिली कि एक कार से तस्कर शराब बिहार ले जाने वाले हैं। इसके बाद पुलिस सक्रिय हुई। एक कार की जांच करने पर शराब बरामद हुई। गिरफ्तार चालक की पहचान हरियाणा के सीताराम कल्ली के पुत्र वीरेंद्र के रूप में हुई।
थाना प्रभारी राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि शराब तस्करी की खबर मिलने पर पुलिस को अलर्ट कर वाहन जांच करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान शराब से लदी कार को पकड़ा गया। पुलिस गाड़ी के नंबर के आधार पर शराब माफिया का पता लगाने में जुटी हुई है।
बनकटा पुलिस की भूमिका पर सवाल
धरनी छापर चेकपोस्ट से पकड़ी गई अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़े जाने से बनकटा पुलिस की दबी जुबान चर्चा है कि आखिर कैसे 100 मीटर की दूरी पर स्थित धरनी छापर चेकपोस्ट की पुलिस शराब पकड़ लेती है और बनकटा पुलिस को भनक भी नहीं लगती। इसके पहले भी कई बार ऐसी ही घटनाएं हो चुकी हैं।