कोतवाली में पकड़े गए शराब को उतारते चौकीदार
- फोटो : DEORIA
ट्रक में छिपाकर बिहार जा रही शराब पकड़ी गई
देवरिया। पुरवा चौराहे पर शुक्रवार को पुलिस ने बिहार ले जाई जा रही 1000 पेटी हरियाणा निर्मित शराब पकड़ी। शराब ट्रक में डिटर्जेंट पाउडर की बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गई थी। चालक को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। शराब की कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
गोरखपुर की तरफ से आ रहे एक ट्रक पर शराब लदे होने की सूचना पुलिस को मिली थी। सीओ सिटी वरुण मिश्र और स्वॉट टीम प्रभारी संतोष यादव ने पुरवा चौराहा पर घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया। तलाशी में ट्रक के ऊपर और पीछे डिटर्जेंट पाउडर की बोरियां रखी थी। पुलिस ने गहनता से जांच की तो अंदर शराब की पेटियां बरामद हुई। हरियाणा के पानीपत निवासी चालक नवीन ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि गोरखपुर में उसे ट्रक सिवान ले जाने के लिए दिया गया था। इसमें शराब है, इसकी जानकारी मुझे नहीं थी। सीओ सिटी वरुण मिश्र ने बताया कि चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बरामद शराब की कीमत 25 लाख बताई जा रही है।
शीशी पर नहीं लिखा था दाम
शराब की शीशी पर दाम नहीं लिखा था। क्रेजी रोमियो ब्रांड शराब की शीशी को देख अनुमान लगाया जा रहा है कि आसपास के इलाकों में ही शराब की पैकिंग होती है। दाम प्रिंट न होने के पीछे बिहार में ऊंचे दामों पर बेचने की आशंका जताई जा रही है। इसमें हरियाणा के देशी शराब संतरा की शीशी भी बरामद हुई है। आबकारी इंस्पेक्टर इसकी जांच में जुटे हैं।
डिटर्जेंट पाउडर के पैकेट में भरा था बुरादा
देवरिया। शराब छिपाने के लिए डिटर्जेंट पाउडर के पैकेट में लकड़ी का बुरादा भरा हुआ था। शराब उतारने के दौरान इसका खुलासा हुआ। यह देख पुलिस भी दंग रह गई। तगड़ी मुखबिरी नहीं हुई होती तो यह ट्रक बिहार में प्रवेश कर गया होता।